पंचायत सहायकों ने मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान, 15 जून को लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी

जौनपुर। विकास खंड डोभी के पंचायत सहायकों ने मानदेय वृद्धि एवं अन्य लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन, विकास खंड डोभी द्वारा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के पंचायत सहायकों को लंबे समय से अत्यंत कम मानदेय पर कार्य करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक और सेवा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी के विरोध में पंचायत सहायकों ने 1 जून 2026 से मांगों के पूर्ण होने तक बहिष्कार एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है।
यूनियन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि आगामी दो सप्ताह के भीतर पंचायत सहायकों के मानदेय में वृद्धि, सेवा नियमावली का निर्माण तथा मोबाइल फोन सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेश भर के पंचायत सहायक 15 जून 2026 को इको गार्डन, लखनऊ में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। पंचायत सहायकों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई है।
ज्ञापन पर पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।