विश्व पर्यावरण दिवस पर जौनपुर में चला महाअभियान, 21 विकास खंडों और 1734 ग्राम पंचायतों में हुआ पौधरोपण


जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जनपद जौनपुर में वृहद स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा समस्त 825 विकास खंडों, 762 निकायों एवं ग्राम पंचायतों में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी क्रम में 5 जून 2026 को जौनपुर जनपद के 21 विकास खंडों, 1734 ग्राम पंचायतों तथा 12 निकायों में व्यापक पौधरोपण किया गया। वन विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग एवं नगर निकायों द्वारा संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया। पौधरोपण के लिए वन विभाग की पौधशालाओं से पूर्व ही पौधों का उठान सुनिश्चित किया गया था। शासन के निर्देशानुसार अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदी एवं नहर किनारे पौधे लगाए गए तथा उनकी जियो टैगिंग भी कराई गई।
तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ महाराष्ट्र सरकार के गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने आम का पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिला उद्यान अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्यान विभाग द्वारा तैयार आम, अमरूद, आंवला, बेल एवं कटहल जैसे फलदार पौधों का रोपण किया गया।
अपने संबोधन में गृह राज्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर हम पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश भी दे रहे हैं।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में उद्यान विभाग को 87 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। लक्ष्य के अनुरूप विभागीय कर्मचारियों, लोहिया पर्यावरणीय पार्क, स्वयं सहायता समूहों, एनजीओ तथा एफपीओ के सहयोग से सभी 21 विकास खंडों में 87 हजार पौधों का रोपण कराया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, क्योंकि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पौधों की सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
वहीं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जौनपुर की उपस्थिति में टीबी चिकित्सालय परिसर में चौसा आम का पौधा लगाया गया। साथ ही जिला मलेरिया अधिकारी एवं उनके स्टाफ द्वारा फाइलेरिया कार्यालय परिसर में अंजीर का फलदार पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights