ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर रंगबाजी और हिंसक पोस्ट करने के आरोप में 4 युवक गिरफ्तार

जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” अभियान के तहत थाना खुटहन पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से रंगबाजी, मनबढ़ई तथा हिंसक एवं आक्रामक पोस्ट साझा करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरीन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक, आक्रामक एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने का आरोप है। शांति एवं सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आरिफ, सरफराज उर्फ सबलू, अमजद उर्फ गोरका तथा आसिम शामिल हैं। सभी आरोपी थाना खुटहन क्षेत्र के पटैला गांव के निवासी बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामजन्म प्रसाद सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि सोशल मीडिया पर हिंसा, भय या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।