ऐतिहासिक गुज़र ताल को मिलेगा नया स्वरूप, डीएम ने दिए सौंदर्यीकरण और संरक्षण के निर्देश


जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के खेतासराय स्थित ऐतिहासिक गुज़र ताल के विकास और संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुज़र ताल का स्थलीय निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ताल के चारों ओर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी तथा पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने गुज़र ताल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए परिसर में सोलर लाइट एवं हाईमास्ट लाइट स्थापित कराने के निर्देश भी दिए, जिससे रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
डीएम ने ताल परिसर को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने नियमित साफ-सफाई, जनजागरूकता अभियान संचालित करने तथा स्वच्छता संबंधी सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुज़र ताल जनपद की महत्वपूर्ण प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर है, जिसके संरक्षण और विकास के लिए सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि गुज़र ताल के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यावरणीय विकास के लिए सभी संबंधित विभाग मिलकर कार्य करें, ताकि इसे जनपद के प्रमुख पर्यटन एवं आकर्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शाहगंज, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से गुज़र ताल के संरक्षण एवं विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही