वर्धमार नदी पुनरुद्धार कार्य का डीएम व एसपी ने किया शुभारंभ


संभल। जनपद में “एक जनपद, पाँच नदियाँ” अभियान के अंतर्गत वर्धमार नदी के पुनरुद्धार कार्य का शुभारंभ किया गया। विकासखंड गुन्नौर के ग्राम बाघऊ में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ नारियल फोड़कर तथा फावड़ा चलाकर कार्य का शुभारंभ किया।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 14.5 किलोमीटर लंबी वर्धमार नदी विकासखंड गुन्नौर एवं जुनावई क्षेत्र से होकर बहती है और आगे चलकर महावा नदी में मिलती है। नदी की पुरानी पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने, खुदाई, पौधारोपण तथा अन्य संरक्षण संबंधी कार्य कराए जाएंगे।
पुनरुद्धार परियोजना के अंतर्गत सीएसआर, राज्य वित्त आयोग तथा वीबी-जीरामजी योजना के माध्यम से आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भूजल स्तर में सुधार होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, उपजिलाधिकारी गुन्नौर विकास चंद्र, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग राजीव कुमार, तहसीलदार रवि सोनकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights