सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के सराययुसुफ गांव में ननिहाल आए एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक बाइक से प्रयागराज लौट रहा था, तभी हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराययुसुफ गांव निवासी बाबा रमेश यादव एडवोकेट के भांजे 32 वर्षीय सर्वेश उर्फ अंकुर अपने ननिहाल आए हुए थे। शनिवार देर रात वह बाइक से अपने पिता के पास झूंसी, प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान रायबरेली हाईवे पर परसुपुर गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से सर्वेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को देखा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
रविवार को मृतक के पिता उदयराज यादव निवासी ग्राम कमासिन, थाना फतनपुर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक प्रयागराज किला में कार्यरत था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।