जौनपुर: पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को टी.डी. कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, पुलिस प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, सुरक्षा मानकों के पालन तथा परीक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।