डीएम ने प्रदर्शनी का किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश


जौनपुर। जिलाधिकारी ने नगर स्थित बीआरपी कॉलेज मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों, झूलों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रदर्शनी प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने पर जोर देते हुए झूलों एवं अन्य उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बड़े झूलों और अन्य संरचनाओं की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से जांच कराने तथा सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी स्थल की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सभी वालंटियर्स एवं कर्मचारियों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनवाने तथा विद्युत पोल और वायरिंग की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में अग्निशमन व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और फायर सेफ्टी उपकरणों को मानकों के अनुरूप स्थापित करने पर भी बल दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली। खान-पान की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया तथा सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदर्शनी में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।