ट्रांसफर-पोस्टिंग से नाराज इंस्पेक्टर ने दिया इस्तीफा, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप


कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में ट्रांसफर और पोस्टिंग को लेकर असंतोष की खबर सामने आई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पोस्टिंग नियमावली के विपरीत की गई तैनातियों को लेकर कई इंस्पेक्टरों में नाराजगी है, हालांकि अधिकारी वर्ग के दबाव के चलते अधिकांश लोग खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं।
इसी बीच इंस्पेक्टर विनय सिंह ने अपनी तैनाती को लेकर गंभीर आपत्ति जताते हुए इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की है। उनका आरोप है कि उनकी पोस्टिंग नियमों के विपरीत की गई है और उन्हें अपने से जूनियर अधिकारी के अधीन कार्य करने के लिए तैनात किया गया है।
इंस्पेक्टर विनय सिंह ने कहा कि वह अपने जूनियर अधिकारी के आदेशों का पालन करने की स्थिति में नहीं हैं और इसी कारण उन्होंने इस्तीफा देने का फैसला किया है। गुरुवार को मामला सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया और विभागीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं पुलिस विभाग के भीतर ट्रांसफर और पोस्टिंग प्रक्रिया को लेकर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंच गई है और पूरे प्रकरण पर नजर रखी जा रही है। हालांकि इस्तीफा स्वीकार किए जाने अथवा तैनाती में बदलाव को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights