हापुड़ में रात्रि गश्त के दौरान दो सिपाहियों पर हमला, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

हापुड़। जनपद हापुड़ के कोतवाली देहात क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान दो पुलिसकर्मियों पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में सिपाही दौलतराम और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रहे थे। इसी दौरान 5-6 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश दोनों को मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
घायल पुलिसकर्मियों ने किसी तरह घटना की सूचना थाने पर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्षेत्रीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई तथा हमलावरों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
हालांकि स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि हमलावर पुलिसकर्मियों के हथियार छीनकर ले गए हैं, लेकिन इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।