केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ

राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने फीता काटकर किया उद्घाटन, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
जौनपुर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत विकास भवन परिसर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ बुधवार को किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव तथा अजीत प्रजापति ने जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की उपस्थिति में फीता काटकर किया।
17 से 20 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार सृजन से संबंधित उपलब्धियों को चित्रों और प्रदर्श सामग्री के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। साथ ही जनपद जौनपुर में हुए प्रमुख विकास कार्यों को होर्डिंग्स एवं सूचना पटलों के जरिए प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में केराकत एवं शाहगंज के नौली में अग्निशमन केंद्र भवनों का निर्माण, स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक की स्थापना, नमामि गंगे के अंतर्गत गोमती रिवर फ्रंट एवं घाटों का निर्माण, मेडिकल कॉलेज की स्थापना, सिद्धीकपुर में राजकीय महिला आईटीआई तथा केराकत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला महाविद्यालय की स्थापना सहित कई विकास परियोजनाओं को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल और बदलापुर बस स्टेशन निर्माण कार्य भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।
इस अवसर पर मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना तथा कोविड-19 महामारी के दौरान निःशुल्क वैक्सीन वितरण को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा जनहितकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचार सामग्री वितरित की गई तथा सोनम सरोज एंड पार्टी ने लोकगीतों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।