‘रन फॉर योगा’ रैली के माध्यम से योग अपनाने का दिया गया संदेश


जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के अंतर्गत स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को Lohia Park में योगाभ्यास के उपरांत दीप प्रज्ज्वलन कर “रन फॉर योगा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में योग के महत्व तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। “रन फॉर योगा” रैली का शुभारंभ लोहिया पार्क से हुआ, जो जिलाधिकारी कार्यालय, जेसीज चौराहा, ओलंदगंज एवं रूहट्टा मार्ग से होते हुए पुनः लोहिया पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने योग अपनाने, स्वस्थ रहने तथा नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करने का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवन शैली का आधार है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
“करें योग, रहें निरोग” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, योगाचार्यों सहित आयुष विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, योग प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights