वाराणसी में CNG पंप पर भीषण आग, 40 फीट तक उठीं लपटें; क्षेत्र खाली कराया गया


वाराणसी। वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर करखियाव गांव के पास स्थित एक CNG पंप में शुक्रवार रात करीब 9:20 बजे भीषण आग लग गई। आग उस समय भड़की जब एक वाहन में CNG भरी जा रही थी। देखते ही देखते लपटें विकराल हो गईं और करीब 40 फीट तक उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पंप कर्मियों ने जान बचाकर मौके से भागकर खुद को सुरक्षित किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह गैस रिसाव और वाहन में संभावित शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पंप और उसके आसपास लगभग 200 मीटर के क्षेत्र को खाली करा दिया है। कर्मचारियों, ग्राहकों और वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। सिलेंडर फटने की आशंका के मद्देनजर किसी भी व्यक्ति को घटनास्थल के आसपास रुकने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद कर्मचारियों ने इमरजेंसी स्टॉप बटन दबाकर मुख्य स्टोरेज टैंक और कंप्रेसर से गैस सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद मैन्युअल मास्टर शट-ऑफ वाल्व भी बंद किया गया, लेकिन तब तक कुछ पाइपलाइन और सिलेंडर आग की चपेट में आ चुके थे।
फायर ब्रिगेड की टीम सिलेंडरों को ठंडा रखने के लिए लगातार पानी की बौछार कर रही है, ताकि किसी संभावित विस्फोट को रोका जा सके। प्रशासन ने अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी मौके पर भेजा है।
घटना के समय उठ रही ऊंची लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हाईवे से गुजर रहे कई वाहन चालक भी रुककर घटनास्थल का नजारा देखते नजर आए। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights