पुरानी रंजिश में रिहायशी मड़हे में आग लगाने का आरोप, लाखों का सामान जलकर राख


जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के इटौरी गांव में पुरानी रंजिश के चलते पट्टीदारों पर रिहायशी मड़हे में आग लगाने का आरोप लगा है। इस घटना में दो रिहायशी मड़हे जलकर राख हो गए, जबकि उनमें रखा कपड़ा, बर्तन, खाद्यान्न समेत घरेलू उपयोग का सामान नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नन्हकू गौतम का करीब एक सप्ताह पूर्व जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों से विवाद और मारपीट हुई थी। इस घटना में नन्हकू गौतम और उनके परिवार के सदस्य घायल हुए थे। मामले में उन्होंने आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़ित का आरोप है कि मुकदमे से नाराज होकर मंगलवार देर रात दबंग पट्टीदारों ने उनके रिहायशी मड़हे में आग लगा दी। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने दो मड़हों को अपनी चपेट में ले लिया और उनमें रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
आग की लपटें उठती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों मड़हे पूरी तरह जल चुके थे।
पीड़ित नन्हकू गौतम ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। घटना के बाद परिवार में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।