यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, 746 वाहनों का चालान


जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में बुधवार को जनपद भर में विशेष यातायात एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस एवं विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की।
अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में वाहन संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में जनपद भर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 746 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की तलाशी लेकर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights