पिता के सामने सड़क हादसे में बेटे की मौत, अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से युवक ने तोड़ा दम


मछलीशहर (जौनपुर)। सुजानगंज-मछलीशहर मार्ग पर मातरी बाजार के समीप गुरुवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव निवासी केशमणि पांडेय अपने पुत्र सरसिज पांडेय के साथ किसी कार्य से सुजानगंज गए थे। दोपहर में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के मातरी गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में सरसिज पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पिता को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सरसिज की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
बताया गया कि सरसिज पांडेय मुंबई की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और परिवार के आर्थिक सहारा थे। उनकी शादी अभी नहीं हुई थी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights