ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने का आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत खुटहन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए रंगदारी, दहशत और भड़काऊ सामग्री फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज बिन्द पुत्र ज्ञानचंद बिन्द, निवासी धमौर खास, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से झगड़ालू गैंग बनाकर रंगबाजी करने, हिंसक वीडियो साझा करने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के आरोप थे।
पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कौशल कुमार सिंह, कांस्टेबल मान सिंह और आरक्षी धीरज यादव शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध, दहशत और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।