सम्पूर्ण समाधान दिवस: जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, 87 में से 7 मामलों का मौके पर निस्तारण

जौनपुर, 6 जुलाई। कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में सोमवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम मई निवासी शिवशंकर गोसाई ने तालाब और चकमार्ग की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं जमैथा निवासी छोटेलाल की चक सीमांकन संबंधी शिकायत पर एसीओ चकबंदी को निर्देशित किया गया।
ग्राम कादीपुर निवासी हरिश्चन्द्र द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत पर थाना प्रभारी जफराबाद और राजस्व निरीक्षक को संयुक्त निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने को कहा गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकांश शिकायतें भूमि विवादों से जुड़ी होती हैं, इसलिए ऐसे मामलों का समाधान निचले स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आगामी वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने पौधों के उठान, भूमि चिन्हांकन, गड्ढा खुदाई और जियो टैगिंग का कार्य समय से पूरा करने को कहा। साथ ही मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, विद्यालय परिसरों में जलभराव रोकने और संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
इसके अतिरिक्त गो-संरक्षण केंद्रों में चारे की पर्याप्त व्यवस्था, सर्पदंश से बचाव के लिए जनजागरूकता, शौचालयों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा आकाशीय बिजली से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।