जौनपुर डबल मर्डर-डकैती कांड का 1 लाख का इनामी बदमाश STF मुठभेड़ में ढेर


जौनपुर/अंबेडकरनगर: वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर और डकैती कांड के मुख्य आरोपी तथा एक लाख रुपये के इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार को यूपी STF ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ मंगलवार सुबह अंबेडकरनगर जिले के भीवाना थाना क्षेत्र में हुई।
मुठभेड़ के दौरान आसिफ को गोली लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र बाबू उर्फ मजहर, निवासी मकनपुर, थाना बिल्हौर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है।
STF के अनुसार, बदमाश के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, 12 बोर की पौनिया, भारी मात्रा में कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर डकैती करता था और विरोध करने पर हत्या करने से भी नहीं चूकता था।
उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, डकैती और लूट समेत 21 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
शाहगंज में मचाया था खूनी तांडव
23 अप्रैल 2014 की रात शाहगंज थाना क्षेत्र के नई आबादी, खुटहन रोड स्थित दवा व्यापारी धीरज सिंह के घर में आसिफ और उसके साथियों ने धावा बोला था। पूरे परिवार को बंधक बनाकर डकैती की गई और विरोध करने पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस घटना में धीरज सिंह की 23 वर्षीय बेटी स्वाति सिंह और 45 वर्षीय पत्नी सुमन सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। बदमाश लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे।
इन सनसनीखेज वारदातों में भी था वांछित
19 अक्टूबर 2013: सुल्तानपुर में घर में घुसकर हत्या के बाद डकैती
23 अप्रैल 2014: शाहगंज (जौनपुर) में डबल मर्डर और डकैती
15 अगस्त 2015: कौशांबी के कोखराज में डकैती के दौरान दंपति की हत्या
19 अगस्त 2015: मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में एक ही रात छह घरों में डकैती, एक महिला गंभीर रूप से घायल
13 जनवरी 2021: कानपुर देहात के रसूलाबाद में तासीम की हत्या
STF के मुताबिक, आसिफ लंबे समय से फरार चल रहा था और कई राज्यों की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके मारे जाने के साथ ही प्रदेश के कई चर्चित मामलों में वांछित एक अहम आरोपी का अंत हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights