रांची की बेटी का कमाल: 120 मिनट में लिखे 120 पन्ने, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

रांची। झारखंड की राजधानी रांची की बेटी और हिंदी लेखिका डॉ. मेघा रानी ने अपनी अद्भुत लेखनी से प्रदेश का नाम वैश्विक मंच पर रोशन कर दिया है। उन्होंने महज 120 मिनट में 120 पन्ने लिखकर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है।
इस उपलब्धि को 2 जुलाई को ‘बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ द्वारा आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई। खास बात यह है कि इन 120 पन्नों में डॉ. मेघा रानी ने झारखंड के इतिहास, संस्कृति और समृद्ध विरासत को विस्तार से शब्दों में उकेरा है।
बताया जा रहा है कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही डॉ. मेघा रानी दुनिया की सबसे तेज गति से हिंदी लिखने वाली महिला बन गई हैं। उनकी यह पांडुलिपि जल्द ही ‘अपन झारखंड’ नामक पुस्तक के रूप में प्रकाशित की जाएगी।
डॉ. मेघा रानी की इस सफलता से पूरे झारखंड में खुशी की लहर है और लोग उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।