मायावती का इशारा, चंद्रशेखर आजाद पर साधा निशाना; बयान से बढ़ी सियासी हलचल
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने एक बार फिर बिना नाम लिए आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद पर तीखा हमला बोला है। अपने ताजा बयान में मायावती ने इशारों-इशारों में उन्हें “मगरमच्छ” तक कह दिया, जिसके बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
मायावती ने मेरठ, सहारनपुर, प्रयागराज और हरदोई जैसे जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग समाज में उकसावे की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कानून को हाथ में लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के जरिए न्याय पाने का अधिकार दिया है।
बसपा प्रमुख के इस बयान को चंद्रशेखर आजाद पर सीधा राजनीतिक हमला माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में दलित राजनीति को लेकर मायावती और चंद्रशेखर आजाद के बीच प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ती दिख रही है। ऐसे में इस बयान के बाद दोनों खेमों के बीच सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।