संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी


जौनपुर: केराकत थाना क्षेत्र के शेखजादा मोहल्ले में शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे एक 40 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र उर्फ सबलू (उम्र लगभग 40 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय महावीर प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में अकेले रहते थे और आसपास के लोगों से कम ही संपर्क रखते थे।
मृतक के भतीजे पंकज ने बताया कि ज्ञानेंद्र ने अपना मकान बेच दिया था और उसी पैसे से अपना जीवन यापन कर रहे थे। उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। पंकज के अनुसार, उनकी मृत्यु संभवतः दो दिन पहले ही हो चुकी थी। शनिवार को जब दो दिनों से घर से कोई आवाज नहीं आई और वह बाहर भी नहीं दिखे, तब जाकर देखा गया तो वह घर के अंदर मृत अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही केराकत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।