‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में जौनपुर ने भरी हरियाली की उड़ान, 60.73 लाख पौधरोपण का लक्ष्य

जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद जौनपुर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकासखंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर में संपन्न हुआ, जबकि सभी तहसीलों एवं विकास खंडों में भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने पूजन-अर्चन के उपरांत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का उद्घाटन कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और लोगों को पौधों का वितरण किया।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बताया कि इस वर्ष जनपद में 60 लाख 73 हजार 400 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान की सफलता पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, फेंसिंग एवं जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने पर निर्भर करेगी।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया। विशेष रूप से पीपल, बरगद एवं फलदार पौधों के रोपण पर जोर दिया गया।
एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देता है। उन्होंने प्रत्येक परिवार से अपनी माँ के नाम कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में प्रभागीय वनाधिकारी दिव्या ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए पौधों के संरक्षण एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।