इमरान मसूद के बयान पर सपा सांसद का पलटवार, कांग्रेस पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति ऐसी हो गई है कि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ मिली हुई प्रतीत होती है।
सपा सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि “राहुल गांधी भी चुनाव नहीं जीत पाए थे”, और यह भी जोड़ा कि सभी जानते हैं कि पहले कांग्रेस के कितने विधायक और सांसद हुआ करते थे और अब उनकी स्थिति क्या रह गई है।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ के कारण ही कांग्रेस को 6 सीटें जीतने में सफलता मिली। सपा सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खो चुकी है।
इसके अलावा उन्होंने ओमप्रकाश राजभर पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “ओपी राजभर भोंपू हैं, जो कहा जाता है वही बोलते हैं।”
इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।