दशाश्वमेध घाट पर मिली 7 वर्षीय बच्ची, पुलिस ने सुरक्षित बालगृह पहुंचाया; परिजनों की तलाश जारी

वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक सात वर्षीय बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी व थाना दशाश्वमेध की एंटी रोमियो टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक खुशबू सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान दशाश्वमेध घाट पर एक लगभग 7 वर्ष की बच्ची अकेली बैठी हुई मिली।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची ने अपना नाम “तम्मो” बताया, लेकिन वह अपने माता-पिता या निवास स्थान के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद एंटी रोमियो टीम बच्ची को सुरक्षा के दृष्टिगत थाना दशाश्वमेध ले आई।
पुलिस ने बच्ची की पहचान कराने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रयास किए। घाटों पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद बच्ची के परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
अंततः पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित रूप से राजकीय बालगृह शिशु, दुर्गाकुंड (वाराणसी) में दाखिल करा दिया।
पुलिस की तत्परता के चलते बच्ची किसी गलत व्यक्ति के हाथ लगने से बच गई। चौकी प्रभारी दशाश्वमेध ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के परिजनों के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।