जौनपुर में साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार ₹92 हजार नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड व 2 मोबाइल बरामद; सरगना फरार

जौनपुर। जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹92,000 नकद, 10 फर्जी आधार कार्ड और 2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना दीपेश उर्फ दीपु विश्वकर्मा पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “Cy-Vajra” के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य जनपद छोड़कर भागने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 16 जुलाई की सुबह सिटी रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशन सोनी, सूरज उपाध्याय और अमन सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न लोगों के बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम के माध्यम से निकालते थे। निकाली गई रकम का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा सरगना दीपेश को और शेष 20 प्रतिशत खुद व सहयोगियों में बांट लेते थे। गिरोह बैंक खाते खुलवाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल करता था।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, आधार या पैन कार्ड की जानकारी साझा न करें। उन्होंने चेताया कि किसी अन्य के लिए अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करना भी साइबर अपराध की श्रेणी में आता है। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार सरगना व गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।