जिलाधिकारी की मौजूदगी में विकास कार्यों की समीक्षा, सड़कों और जल परियोजनाओं पर सख्त निर्देश

जौनपुर।
दिनांक 16-07-2026 को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की उपस्थिति में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन, जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण), सेतु निगम, नगर पालिका परिषद सहित अन्य संबंधित विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
राज्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की सड़कों एवं पुलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन कार्यों को स्वीकृति मिलने के बाद भी ठेकेदारों द्वारा शुरू नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी सड़कें गड्ढामुक्त होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब को अस्वीकार्य बताते हुए लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं में लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को समय पर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। रोड रेस्टोरेशन के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से विस्तृत सूची प्रस्तुत करने को कहा गया।
नगर पालिका परिषद को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को चिन्हित कर उनके सुधार की कार्ययोजना तत्काल तैयार की जाए। बिना अनुमति सड़क खोदने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही भण्डारी स्टेशन से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक की सड़क के शीघ्र मरम्मत कार्य कराने को कहा गया। जिन सड़कों के टेंडर हो चुके हैं, उन पर तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।
राज्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कार्यों की फोटो अनिवार्य रूप से ली जाए और यदि गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।