राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर पूर्वांचल विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज, डीएम ने की समीक्षा बैठक
जौनपुर। दिनांक 17-07-2026 को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह के दृष्टिगत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के माननीय राज्यपाल के संभावित आगमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं तथा मंच की तैयारियों सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करें, जिससे दीक्षांत समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण, सफल एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके। बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक सुझाव भी लिए गए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी नगर, विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।