दिल्ली ब्रेकिंग: NHAI की डिजिटल पहल, 20 किमी दायरे के लोगों को मिला लोकल टोल पास का लाभ

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए डिजिटल लोकल टोल पास सेवा की शुरुआत की है। इस नई व्यवस्था के तहत अब टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर दायरे में रहने वाले लोग ‘राजमार्ग यात्रा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पास खरीद सकेंगे।
एनएचएआई ने ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप पर दो प्रमुख सिटीजन-सेंट्रिक फीचर्स लॉन्च किए हैं। इनमें डिजिटल ‘लोकल पास’ और ‘मार्गमित्र’ हेल्प सेंटर शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप यूजर्स के लिए सुविधाओं को आसान बनाना और ईज ऑफ लिविंग को बढ़ावा देना है।
नई ‘लोकल पास’ सुविधा के तहत पात्र यात्री बिना टोल प्लाजा पहुंचे ही ऑनलाइन पास खरीद सकते हैं। इस पास के जरिए संबंधित टोल प्लाजा से एक महीने तक असीमित यात्रा की अनुमति मिलेगी।
डिजिटल लोकल टोल पास की शुरुआत फिलहाल दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से की गई है। एनएचएआई ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस सुविधा को देशभर के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।