जौनपुर में डेंगू पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मरीज के घर पहुंची टीम; जिले में अब तक 5 संक्रमित लाइन बाजार क्षेत्र में फीवर सर्वे, टेस्टिंग और एंटी-लार्वा अभियान चलाया गया, लोगों से सावधानी बरतने की अपील


जौनपुर, 23 जुलाई। जिले में डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को लाइन बाजार क्षेत्र में एक डेंगू मरीज मिलने के बाद जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने प्रभावित इलाके में पहुंचकर व्यापक अभियान चलाया।
टीम द्वारा घर-घर फीवर सर्वे, डेंगू जांच, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान तथा जलभराव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा रसायन का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही पोस्टर चस्पा कर पंपलेट वितरित किए गए और लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जनपद में डेंगू के कुल 5 मरीज मिल चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि डेंगू मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो साफ पानी में पनपता है और सुबह-शाम अधिक सक्रिय रहता है। तेज बुखार, शरीर व जोड़ों में दर्द, उल्टी, प्लेटलेट्स में कमी और रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में जांच कराने की सलाह दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने नागरिकों से अपील की है कि डेंगू के लक्षण दिखने पर लापरवाही न करें और स्वयं दवा लेने या झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने से बचें। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज तथा सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू की जांच, उपचार, दवाएं और आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी जमा न होने देने, कूलर व गमलों का पानी सप्ताह में एक बार बदलने, पूरी बांह के कपड़े पहनने तथा मच्छरदानी व जालियों के उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि “हर रविवार मच्छर पर वार, लार्वा पर प्रहार” अभियान के तहत नियमित रूप से जमा पानी को हटाना बेहद जरूरी है, ताकि डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights