पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी व मोबाइल छिनैती गिरोह का किया पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार चोरी का ई-रिक्शा व चार मोबाइल बरामद, कई मामलों में वांछित थे आरोपी


जौनपुर। सुजानगंज थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी और मोबाइल छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का मालवाहक ई-रिक्शा और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बदलापुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बारा पंचरास्ता से चौबेपुर नहर रोड के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम यादव (19), रोहित सोनी (19), कुलदीप सिंह (20) और अमन सरोज (22) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से एक मालवाहक ई-रिक्शा और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी थाना सुजानगंज में दर्ज ई-रिक्शा चोरी एवं मोबाइल छिनैती के मामलों में वांछित थे। इनके खिलाफ सुजानगंज और बदलापुर थानों में पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र द्विवेदी सहित थाना सुजानगंज की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights