एडीएम का किर्तापुर एफसीआई डिपो निरीक्षण, 31 जुलाई तक शत-प्रतिशत गेहूं जमा कराने के निर्देश


जौनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा ने गुरुवार को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के एसडब्ल्यूसी किर्तापुर डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रबी विपणन वर्ष 2026-27 में गेहूं खरीद, भंडारण एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी के अनुसार जनपद में कुल 32,216.016 मीट्रिक टन गेहूं खरीद के सापेक्ष 29,047.94 मीट्रिक टन गेहूं एफसीआई को प्रेषित किया जा चुका है, जबकि 3,168.08 मीट्रिक टन गेहूं अभी भेजा जाना शेष है। निरीक्षण के दौरान डिपो पर तीन ट्रक गेहूं उतराई के लिए खड़े मिले तथा 12 श्रमिक कार्यरत पाए गए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी खरीद एजेंसियों को समन्वय स्थापित करते हुए 31 जुलाई 2026 तक शत-प्रतिशत गेहूं एफसीआई में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा में पाया गया कि अगस्त 2026 के लिए आवंटित 17,627.05 मीट्रिक टन खाद्यान्न के सापेक्ष अब तक 9,215.10 मीट्रिक टन (52.28 प्रतिशत) का उठान किया जा चुका है। किर्तापुर गोदाम से निर्गत 1,493 मीट्रिक टन खाद्यान्न के मुकाबले लगभग पूरा उठान सुनिश्चित किया गया है।
मानसून के दौरान खाद्यान्न आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए एडीएम ने सभी गोदामों पर पर्याप्त संख्या में श्रमिक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रमिकों की कमी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने एफसीआई एवं राज्य भंडारण निगम के अधिकारियों को ठेकेदार के माध्यम से प्रतिदिन पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध कराने और निर्धारित समय सीमा में खाद्यान्न उठान पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खाद्य एवं भंडारण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights