कांवड़ यात्रा को लेकर योगी सरकार अलर्ट, अतिरिक्त बसें चलेंगी, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

लखनऊ। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार सहित प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। साथ ही यात्रा की निगरानी के लिए प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान बस संचालन पूरी तरह सुरक्षित और यात्रियों के अनुकूल रहे। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम यात्रा शुरू होने से समापन तक लगातार कार्य करेगा और सभी गतिविधियों की निगरानी करेगा।
हरिद्वार के अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज जाने वाले प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। कांवड़ मार्ग पर स्थित बस स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, ध्वनि प्रसारण प्रणाली तथा खान-पान की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी बसों की गति निर्धारित सीमा में रखने, चालकों का अनिवार्य ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके अलावा परिवहन अधिकारियों को जिला प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर रूट डायवर्जन योजना का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। रूट डायवर्जन की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप, दूरभाष और अन्य संचार माध्यमों से तत्काल साझा की जाएगी ताकि बस संचालन बाधित न हो।
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि निगम की बसों के संचालन से कांवड़ यात्रा किसी भी प्रकार से प्रभावित न हो।