राज्यपाल के दौरे को लेकर चाक-चौबंद सुरक्षा, अधिकारियों ने किया निरीक्षण


जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले 30वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान वीवीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश व निकास द्वार, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट तथा सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी समय से अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंचें और पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights