शहजाद पूनावाला के इस्तीफे की अटकलें तेज, सोशल मीडिया बायो बदलने से बढ़ी चर्चा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रोफाइल बायो में बदलाव के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स हैंडल पर प्रोफाइल बायो अपडेट किया, जिसमें उन्होंने ‘बीजेपी’ शब्द हटा दिया है। इसके साथ ही अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के डिस्क्रिप्शन से भी पार्टी का नाम हटाकर ‘भारतीय’ शब्द का उपयोग किया गया है। हालांकि, उन्होंने अपने बायो में खुद को “लाइफ लॉन्ग फॉलोअर ऑफ नरेंद्र मोदी” बताया है।
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2021 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद नवंबर 2021 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इससे पहले वे कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे थे। दिसंबर 2017 में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई थी। उस समय उन्होंने पार्टी में परिवारवाद का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था।
फिलहाल, शहजाद पूनावाला की ओर से इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर हुए इस बदलाव के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।