श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि, डीएम-एसएसपी ने मंदिर परिसर का किया निरीक्षण


जौनपुर। सावन माह एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन जायजा लिया। संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त रखी जाएं तथा श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
डीएम एवं एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसर में शांति, कानून-व्यवस्था एवं सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights