परिवहन विभाग का बड़ा अभियान: 3 स्कूल बसें व 6 ओवरलोड ट्रक सीज

जौनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा जनपद में स्कूली वाहनों एवं ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान आवश्यक दस्तावेज पूर्ण न होने पर 3 स्कूल बसों को सीज किया गया, जबकि 5 अन्य स्कूल वाहनों का चालान किया गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच जारी रहेगी। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपील की कि वे अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज समय से अद्यतन रखें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा और वैधता की जानकारी रखने का आग्रह किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस, परिवहन एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर बिना परमिट, बिना फिटनेस तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों का पालन न करने वाले विद्यालयों की सूची तैयार कर उनके विरुद्ध भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
अभियान के दौरान 6 ओवरलोड ट्रकों तथा बिना परमिट संचालित 2 बसों को भी सीज कर संबंधित थानों में खड़ा कराया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा एवं नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।