हर-हर महादेव के जयघोष के बीच निकली मां अन्नपूर्णा विदाई यात्रा

जौनपुर। मड़ियाहूं क्षेत्र में श्रावण मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को प्राचीन कांवरिया संघ के तत्वावधान में मां अन्नपूर्णा की विदाई यात्रा श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से निकाली गई। यह यात्रा रामेश्वर महादेव मंदिर, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज परिसर से संघ के अध्यक्ष रवि कुमार मौर्य के नेतृत्व में चिल्ह (मिर्जापुर) के लिए रवाना हुई।
यात्रा के दौरान डीजे, गाजे-बाजे और “हर-हर महादेव” व “बोल बम” के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा में भोजन, राशन, गैस सिलेंडर तथा पेयजल टैंकर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल ने यात्रा में शामिल होकर कांवरियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर चंद्र प्रकाश सिंह ‘पप्पू’, कवलजीत सिंह ‘गब्बर’, परमजीत सिंह, दिलीप साहू, बृजेश दुबे, राजेश सिंह, चंदन केसरी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था, अनुशासन और सेवा भावना से परिपूर्ण इस यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।