पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर घायल, साथी समेत गिरफ्तार

जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर अपराधी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत खुटहन पुलिस सुईथाखुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव निवासी भेला, थाना सरपतहाँ, जौनपुर के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू निवासी शाहपुर फिरोजपुर, थाना जलालपुर, जनपद अंबेडकर नगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल रिंकू यादव को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल रिंकू यादव थाना सरपतहाँ का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी और अयोध्या सहित विभिन्न जनपदों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट तथा शस्त्र अधिनियम के तहत 38 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गिरफ्तार सत्यम लोना के खिलाफ भी पूर्व से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने किया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।