श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति की बैठक सम्पन्न, शोभायात्रा की रणनीति तैयार 11 नवम्बर को धूमधाम से निकलेगी भगवान चित्रगुप्त जी की शोभायात्रा

जौनपुर। श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति जौनपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक भगवान चित्रगुप्त कॉलोनी स्थित आवास पर सम्पन्न हुई, जिसमें आगामी 11 नवम्बर को आयोजित होने वाली भगवान चित्रगुप्त जी की शोभायात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महासमिति के संयोजक सरस चन्द्र श्रीवास्तव (वरिष्ठ अधिवक्ता) ने कहा कि देवी-देवता और महापुरुष किसी एक जाति विशेष के नहीं होते, बल्कि वे सर्व समाज के होते हैं। भगवान चित्रगुप्त जी भी सर्व समाज के आराध्य हैं और रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी 11 नवम्बर को शोभायात्रा पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ निकाली जाएगी।
महासमिति के अध्यक्ष मनोज अग्रहरी (वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं समाजसेवी) ने कहा कि शीघ्र ही एक वृहद कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें सभी समाज के लोगों को जोड़ा जाएगा। साथ ही जल्द ही एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी।
विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि भगवान चित्रगुप्त जी की शोभायात्रा में सर्व समाज की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। किसी भी भगवान को जाति-बंधन में बांधना उचित नहीं है।
संस्थापक अध्यक्ष चंद्रमोहन श्रीवास्तव एवं मनोज श्रीवास्तव (एडवोकेट) ने जानकारी दी कि महासमिति को जौनपुर के 10 कायस्थ संगठनों सहित 15 अन्य सामाजिक संगठनों का समर्थन प्राप्त हो चुका है।
बैठक में बताया गया कि शोभायात्रा भगवान चित्रगुप्त मंदिर बारिनाथ मठ से प्रारंभ होकर भगवान चित्रगुप्त मंदिर रूहट्टा तक जाएगी।
इस दौरान संगठनों के विस्तार, पुस्तिका, कैलेंडर एवं आमंत्रण पत्र छपवाने पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों को अन्य संस्थाओं से संपर्क कर उन्हें जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महासचिव राजेश श्रीवास्तव (एडवोकेट) ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में समाजसेवी, अधिवक्ता एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस जौनपुर की महिला जिलाध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव की माताजी सहित समाज में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।