सात संपर्क मार्गों का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले— जनहित की योजनाओं को तेजी से पूरा कर रही प्रदेश सरकार
जौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत निर्मित सात संपर्क मार्गों का लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं के तहत खेतासराय–दीदारगंज मार्ग से जैगहों, गुरैनी–सोंगर मार्ग से गुरैनी, जपटापुर–भुड़कुडा मार्ग से लपरी नहर, मीरापुर–मुबारकपुर मार्ग से पूरा अंधरी, जौनपुर–खुटहन मार्ग से छतौरा, मीरापुर पिच रोड से गुलालपुर तथा कोइरीडीहा–मल्हनी मार्ग से जर्सी गांव तक विभिन्न संपर्क मार्गों का निर्माण एवं नवनिर्माण कराया गया है। इन सभी परियोजनाओं पर लाखों रुपये की लागत व्यय की गई है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि नए संपर्क मार्ग बनने से ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।