दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन लूटी, बाइक सवार बदमाश फरार

जौनपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को चेन स्नैचिंग की एक और घटना सामने आने से लोगों में दहशत फैल गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, गोमती नगर कॉलोनी कटघरा निवासी दवा व्यवसायी मोहित कुमार उपाध्याय की पत्नी स्वीटी उपाध्याय अन्य महिलाओं के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे तारापुर कॉलोनी सेक्टर-11 स्थित मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले में पहनी कीमती सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह एवं चौकी प्रभारी राहुल रंजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि करीब 20 दिन पूर्व भी कोतवाली क्षेत्र के ताड़तला मोहल्ले में एक सर्राफा व्यापारी की पत्नी से इसी तरह बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहरवासियों में भय का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।