शादी का विरोध पड़ा भारी: प्रेमी युगल ने कथित रूप से जहर खाया, हालत गंभीर

जौनपुर। सरपतहा थाना क्षेत्र के कुसियाबहार गांव में सोमवार को शादी को लेकर परिजनों के विरोध के बीच एक प्रेमी युगल द्वारा कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मजहलीपट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज पुत्र घूरेराम तथा कुसियाबहार गांव निवासी 19 वर्षीय संध्या पुत्री रामभवन के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में मौसेरे भाई-बहन हैं और विवाह करना चाहते थे, जिसका परिजनों द्वारा विरोध किया जा रहा था।
सोमवार को सूरज संध्या के घर पहुंचा था। इसी दौरान विवाह को लेकर परिवारजनों के विरोध और कथित दबाव के बीच दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार एवं ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।