हैदराबाद में नाबालिग की लापरवाही से दर्दनाक हादसा, 1 की मौत, 1 गंभीर
हैदराबाद। शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग द्वारा चलाई जा रही किराए की कार बेकाबू हो गई, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग छात्र किराए पर ली गई बलेनो कार चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी सात मोटरसाइकिलों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और स्कूटी सवार दो भाइयों को कुचल दिया।
हादसे में 60 वर्षीय राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 55 वर्षीय छोटे भाई प्रभाकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाई सुबह स्कूटी से चर्च जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मधुरा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर 17 वर्षीय आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।