45 करोड़ के नकली नोट का सौदा, 1.13 करोड़ की ठगी; रायपुर में व्यापारी से एडवांस लेकर फरार हुए आरोपी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 45 करोड़ रुपये के नकली नोट के सौदे के नाम पर एक व्यापारी से 1.13 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी एडवांस रकम लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच संपर्क सोशल मीडिया के जरिए हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सौदे को लेकर रायपुर और महाराष्ट्र में कई दौर की बैठकें भी हुईं। आरोपियों ने खुद को बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए भरोसा दिलाया कि तय समय पर नकली नोट उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इस झांसे में आकर व्यापारी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1.13 करोड़ रुपये आरोपियों को दे दिए।
पीड़ित व्यापारी, प्राइवेट फर्म संचालक उमेश गुप्ता की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।