‘सुपर कॉप’ शुभम तोदी का ऑपरेशन क्राइम, आजमगढ़ में अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप

आजमगढ़। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यशैली के लिए पहचान बना चुके सीओ सिटी शुभम तोदी ने जिले में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए आक्रामक रणनीति लागू कर दी है। उनके नेतृत्व में सिधारी, शहर कोतवाली, रानी की सराय और कंधरापुर थाना पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर अपराधियों के घरों पर एक साथ दबिश दे रही है, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अपराधियों को 10 अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर कार्रवाई की जा रही है। आंकड़ों के अनुसार शराब तस्करी के 11, पशु तस्करी के 45, मादक पदार्थ तस्करी के 63, शस्त्र तस्करी के 11, नकबजनी के 120, चोरी के 79, डकैती के 19, लूट के 51 तथा हत्या और हत्या के प्रयास के 118 आरोपियों को चिन्हित किया गया है। इसके अतिरिक्त चारों थानों के 40 टॉप-10 अपराधियों और 301 हिस्ट्रीशीटरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इस सख्त कार्रवाई का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। लगातार दबिश के चलते कई अपराधियों ने आपराधिक गतिविधियों से दूरी बनानी शुरू कर दी है, जबकि कुछ इलाके छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।