हर ग्राम पंचायत के मुख्य द्वार पर लगेगा सूचना बोर्ड, विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

जौनपुर। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में अब विकास की तस्वीर स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के मुख्य प्रवेश द्वार पर ग्राम सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं, ताकि ग्रामीणों एवं आगंतुकों को गांव से संबंधित आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।
कैम्प कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सूचना बोर्ड पर गांव की जनसंख्या, मतदाताओं की संख्या, ग्राम प्रधान का नाम, भू-जल की स्थिति, प्रमुख उपलब्धियां तथा विलेज सिटीजन चार्टर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां अंकित की जाएं।
बैठक के दौरान उन्होंने लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। एमडीएम शेड, अमृत सरोवर, तालाब, आंगनबाड़ी केंद्र एवं अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने मनरेगा के तहत सक्रिय जॉब कार्ड धारकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करने, ग्राम पंचायतों में नियमित मास्टर रोल जारी करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अमृत सरोवरों को मॉडल के रूप में विकसित करने की बात कहते हुए वहां ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, ट्री गार्ड, लाइटिंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित करने को कहा। साथ ही सभी नए सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु फ्लैग पोल स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विकास कार्यों का डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन अनिवार्य करते हुए प्रत्येक कार्य की डिजिटल डायरी तैयार करने, खंड विकास अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण करने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों में फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, डीसी मनरेगा, सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।