किन्नर विवाद में फरार गुलाबो गिरफ्तार, ईंटबाजी में साथी हुआ था घायल

जौनपुर। शाहगंज थाना क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने वांछित किन्नर गुलाबो को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को डाली किन्नर ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह अपने साथियों शमा, सीमा, बिजली व अन्य चेलों के साथ बातचीत के लिए गुलाबो किन्नर के घर पहुंची थी। आरोप है कि गुलाबो ने घर का दरवाजा बंद कर छत पर चढ़कर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से ईंट-पत्थर फेंकने लगी।
इस दौरान सीला किन्नर के सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के आधार पर शाहगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे वांछित आरोपी गुलाबो किन्नर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय सहित थाना शाहगंज के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।