गोरखपुर में सीएम योगी ने थामा तिरंगा, सड़कों पर गूंजा देशभक्ति का जोश


गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोरखपुर में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, स्थानीय सांसद रवि किशन समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में 9 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में गोरखपुर में आयोजित यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना
तिरंगा यात्रा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर स्वतंत्रता सेनानियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे।
सीएम योगी ने कहा कि कई स्वतंत्रता सेनानियों की मूर्तियां स्थापित नहीं होने दी गईं और उनके स्मारकों के निर्माण की दिशा में भी अपेक्षित प्रयास नहीं किए गए। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए नेहरू-गांधी परिवार पर भी निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों और स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं की लंबी कतार और देशभक्ति के नारों से गोरखपुर की सड़कें गूंजती रहीं। स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस यात्रा ने शहर के माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights