तिरंगे के रंग में रंगे परिषदीय विद्यालय, बच्चों ने दिखाया देशप्रेम का जज्बा


रंगोली, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का लिया संकल्प
जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शासन के निर्देश पर जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। देशभक्ति के रंग में रंगे विद्यालय परिसरों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने तिरंगे झंडे तैयार करने के साथ ही तिरंगा रंगोली, फूल-पत्तियों से आकर्षक रंगोली, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। तिरंगे के रंगों से सजी रंगोलियां और बच्चों की कलाकृतियां विद्यालय परिसरों में आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसके सम्मान और देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बच्चों को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। जिले के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों से विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights